1000242211

लगातार सुर्खियों में टाटानगर स्टेशन की पार्किंग : फिर टाटानगर स्टेशन पर पार्किंग ठेकेदार की गुंडागर्दी, टेम्पो चालक को बंदूक और डंडों से पीटकर अधमरा किया, लूटे पैसे…

खबर को शेयर करें
1000242211

Jamshedpur news: जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन के बाहर पार्किंग ठेकेदार और उसके साथियों की गुंडागर्दी का एक और मामला सामने आया है। शहर के कदमा शास्त्रीनगर निवासी एक टेम्पो चालक ने सिटी एसपी को दी गई शिकायत में बताया कि ये घटना रात करीब 12:30 बजे की है जब वह स्टेशन के बाहर सड़क किनारे यात्रियों का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पार्किंग ठेके से जुड़े कुछ लोग वाहन लेकर पहुंचे और पार्किंग टिकट मांगने लगे। चालक ने कहा कि वह पार्किंग एरिया में खड़ा नहीं है बल्कि सरकारी सड़क पर है।

इसके बाद भी जबरन आठ घंटे का आठ सौ रुपये मांगा गया। विरोध करने पर गालियां दी गईं और धमकी दी गई कि “बहुत बोलता है इसे सबक सिखाओ।” इसके बाद उसे गाड़ी से खींचकर बाहर फेंक दिया गया और लाठी, डंडों और बंदूक के कुंदों से बुरी तरह पीटा गया। हमलावरों ने उसके तीन हजार रुपये लूट लिए और टेम्पो को भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल चालक ने किसी तरह अपनी जान बचाई और इलाज के बाद इस घटना की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की।

और यह सब पहली बार नहीं है। पहले भी इस पार्किंग को लेकर कई बार विवाद खड़े हो चुके हैं। कभी चालकों से जबरन वसूली, कभी पार्किंग कर्मियों और चालकों के बीच मारपीट तो कभी गोलियों की आवाज़ ऐसे कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं जिसके कारण यह जगह लगातार सुर्खियों में बनी हुई है।

ये कहा जा सकता है कि टाटानगर रेलवे स्टेशन के बाहर की पार्किंग जगह अब सिर्फ गाड़ियों के खड़े होने का स्थान नहीं रही बल्कि वहां अवैध वसूली, बदसलूकी और हिंसा का अड्डा बन चुकी है। हालात ऐसे हैं कि यहां दबंग लोग पुलिस अधिकारियों से भी उलझ जाते हैं।

इन सबके बीच रेलवे पुलिस और RPF की भूमिका पर लगातार सवाल उठते रहे हैं।