Jamshedpur: उलीडीह में युवक की मौत पर हंगामा, हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन, डिमना रोड जाम…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय विशाल महतो की संदिग्ध मौत के बाद सोमवार सुबह माहौल तनावपूर्ण हो गया। मानगो गौड़ बस्ती निवासी विशाल का शव शंकोसाई रोड नंबर 1 स्थित दुर्गा मंदिर के पास एक घर की छत से बरामद हुआ।
परिजनों का कहना है कि रविवार रात वह सूर्य मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकला था लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा। सुबह पुलिस ने शव मिलने की जानकारी दी।
शव मिलने के बाद परिजन एमजीएम अस्पताल पहुंचे लेकिन पोस्टमार्टम नहीं करवाकर शव को थाने के बाहर रखकर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही और सच्चाई छुपाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि विशाल की गला घोंटकर हत्या की गई है।
प्रदर्शन के कारण डिमना रोड पूरी तरह जाम हो गई और यातायात बाधित रहा।
वहीं पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मौत करंट लगने से हुई प्रतीत हो रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और जिस घर की छत से शव मिला, उसके मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

