झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट, अब तक सामान्य से 56% ज्यादा हुई वर्षा…

Jharkhand: झारखंड में मानसून अभी भी पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान लगाया है। इसी को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार और मंगलवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
1 जून से 27 जुलाई तक राज्य में 727 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य 467.4 मिमी से 56 प्रतिशत ज्यादा है। सबसे ज्यादा बारिश पूर्वी सिंहभूम जिले में हुई है जहां 1274.2 मिमी पानी बरसा है। रांची में 1033.3 मिमी, पश्चिमी सिंहभूम में 916.6 मिमी और डालटनगंज में 863.2 मिमी बारिश हो चुकी है।
29 जुलाई (सोमवार) को संताल परगना इलाके में 70 से 110 मिमी तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 30 जुलाई (मंगलवार) को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा और पाकुड़ जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। बुधवार को भी कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है जबकि गुरुवार से बारिश थोड़ी कम हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार इस समय झारखंड से होकर मानसून की ट्रफ लाइन गुजर रही है और राज्य में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके कारण कई जगहों पर तेज हवाएं, वज्रपात और भारी बारिश हो रही है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटे में झींकपानी में 75 मिमी, जबकि संताल परगना के कई हिस्सों में 60 से 70 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रांची और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई।

