ऑस्ट्रेलिया में फिर भारतीय पर हमला : सौरभ की कलाई काटी, पीठ में चाकू मारा, हालत गंभीर…

Azad Reporter desk: ऑस्ट्रेलिया में भारतीयों पर हमले थम नहीं रहे हैं। ताज़ा मामला मेलबर्न का है जहां 33 साल के भारतीय युवक सौरभ आनंद पर 5 लोगों ने हमला कर दिया।
यह घटना 19 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे हुई। सौरभ मेडिकल स्टोर से दवा लेकर घर लौट रहे थे और रास्ते में अपने दोस्त से फोन पर बात कर रहे थे। तभी 5 लोग अचानक उन पर टूट पड़े।
हमलावरों ने पहले जेब टटोली फिर सिर पर घूंसा मारा। सौरभ सड़क पर गिर गए। इसके बाद भी हमला जारी रहा। उन्होंने कलाई पर चाकू से वार किया फिर पीठ में चाकू घोंप दिया। इस हमले में सौरभ की रीढ़ की हड्डी टूट गई और उनका हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया।
डॉक्टरों का कहना था कि हाथ काटना पड़ सकता है लेकिन समय पर इलाज मिलने से हाथ बच गया। फिलहाल सौरभ अस्पताल में भर्ती हैं और धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं।
पुलिस ने 5 में से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस यह जांच कर रही है कि हमला लूट के लिए था या नस्लभेद की वजह से।
इससे पहले भी कुछ दिन पहले भारतीय युवक चरणप्रीत सिंह पर हमला हुआ था। लगातार हो रहे इन हमलों से ऑस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय में डर और चिंता बढ़ गई है।
लोगों ने वहां की सरकार से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

