Jamshedpur: घर बैठे बनेगा पेंशन का जीवन प्रमाण पत्र, प्रशासन ने शुरू की नई सुविधा…

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले के पेंशनधारकों के लिए राहत की खबर है। अब इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ लेने वाले लोगों को जीवन प्रमाण पत्र बनाने के लिए सरकारी दफ्तरों और प्रज्ञा केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
जिला प्रशासन ने ऐसी सुविधा शुरू की है जिससे पेंशनभोगी अपने घर बैठे मोबाइल फोन से ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बना सकेंगे।
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए आपके पास Android 10 या उससे ऊपर का मोबाइल फोन होना चाहिए। मोबाइल में कम से कम 4GB रैम, 64GB स्टोरेज और 13 मेगापिक्सल या उससे ज्यादा का कैमरा होना जरूरी है। इंटरनेट कनेक्शन भी चालू होना चाहिए।
कौन से ऐप डाउनलोड करने होंगे?
गूगल प्ले स्टोर से दो सरकारी ऐप डाउनलोड करने होंगे –
- आधार फेस आरडी (Aadhaar Face RD) – यह आपके चेहरे को स्कैन कर पहचान की पुष्टि करेगा।
- बेनीफिसियरी सत्यापन ऐप – इसी ऐप के जरिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाया जाएगा।
कैसे बनेगा जीवन प्रमाण पत्र?
•बेनीफिसियरी सत्यापन ऐप खोलें।
•आधार नंबर और मोबाइल नंबर डालकर रजिस्ट्रेशन करें।
•मोबाइल पर आए ओटीपी को दर्ज करें।
•फिर चेहरे को स्कैन करें इसके बाद आपका डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार हो जाएगा।
अब बुजुर्ग और दिव्यांग पेंशनभोगी बिना घर से बाहर निकले कुछ ही मिनटों में प्रमाण पत्र बना सकते हैं।

