Jharkhand: पूर्वी सिंहभूम के जादूगोड़ा में मिला नया यूरेनियम भंडार, देश की परमाणु ऊर्जा नीति को मिलेगा बल…

Jharkhand: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा खनन क्षेत्र में यूरेनियम का नया और समृद्ध भंडार मिला है। यह जानकारी भारत सरकार के परमाणु खनिज निदेशालय (AMD) और यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) ने साझा की है।
नया भंडार जादूगोड़ा के उत्तर-पश्चिम स्थित बंगलासाई-मेचुआ क्षेत्र में खोजा गया है। अनुमान के अनुसार यहां करीब 15,598 टन यूरेनियम उपलब्ध है। इस खोज की पुष्टि करते हुए यूसीआईएल के सीएमडी डॉ. संतोष कुमार सतपति ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल भारत की परमाणु ऊर्जा नीति को मजबूत करेगी बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर भी लेकर आएगी।
विशेषज्ञों के मुताबिक इस नए भंडार से जादूगोड़ा की खदान का जीवनकाल लगभग 50 वर्ष तक बढ़ जाएगा। वर्ष 2020 से 2024 के बीच देश के चार राज्यों आंध्र प्रदेश, झारखंड, राजस्थान और तेलंगाना में कुल 93,700 टन नए यूरेनियम संसाधनों की खोज हुई है। इनमें अकेले झारखंड में 27,156 टन और आंध्र प्रदेश में 60,659 टन यूरेनियम संसाधन मिले हैं।
वर्तमान में भारत में कुल यूरेनियम संसाधन 4.25 लाख टन से अधिक हैं। यह खोज देश को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
यह नई खोज भारत के परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगी।


