पलामू में पुलिस की बड़ी कार्रवाई : तीन क्विंटल डोडा के साथ 8 तस्कर गिरफ्तार, 33 लाख नकद बरामद…

Jharkhand: पलामू जिले के पिपराटॉड थाना क्षेत्र में पुलिस ने डोडा (अफीम की भूसी) की अवैध तस्करी करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर 3 क्विंटल 14 किलो डोडा बरामद किया और 8 तस्करों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि तितलंगी गांव के डब्लू यादव की मदद से बाहर के डोडा कारोबारी इस इलाके से होकर एक बड़ी खेप ले जाने वाले हैं। इसके बाद पुलिस कप्तान रिष्मा रमेशन के निर्देश पर लेस्लीगंज SDPO की अगुवाई में टीम बनाई गई। टीम ने डेसातु-पांकी-लावालौंग रोड किनारे घात लगाकर निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद जैसे ही कार और बोलेरो से तस्कर वहां से गुजरे पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
मौके से 4 तस्कर पकड़े गए। उनकी निशानदेही पर डब्लू यादव, उसके दो बेटों और एक अन्य को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में हरमीत सिंह (35), पारस चौहान (29), सतबीर सिंह (38), ओम प्रकाश तिवारी (36), डब्लू यादव (60), पिंटू कुमार यादव (30), रिंकू कुमार (25) और निरज कुमार पासवान (26) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 32 लाख 90 हजार 400 रुपये नकद, दो होंडा सिटी कार, दो बोलेरो, 14 मोबाइल फोन, गाड़ियों की 4 चाबियां और डोडा कारोबार से जुड़ी लाल रंग की डायरी भी जब्त की है।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से राज्य के बाहर से डोडा लाकर यहां बेचने का काम कर रहा था। फिलहाल पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने साफ कहा है कि नशे के इस अवैध कारोबार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

