झारखंड को मिलेगा दूसरा सैनिक स्कूल, तिलैया स्कूल की सुविधाएं होंगी बेहतर…

Jharkhand: झारखंड में जल्द ही एक और सैनिक स्कूल खुलने जा रहा है। राज्य की मुख्य सचिव अलका तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्कूली शिक्षा सचिव को इसके लिए प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया है। फिलहाल राज्य में तिलैया सैनिक स्कूल संचालित है जिसमें देशभर के सभी सैनिक स्कूलों में सबसे अधिक 875 छात्र पढ़ते हैं। इसी कारण एक और सैनिक स्कूल खोलने की जरूरत बताई गई।
बैठक में तिलैया सैनिक स्कूल की समस्याओं और प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने भरोसा दिलाया कि स्कूल की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
स्कूल में 9.49 करोड़ रुपये की लागत से नई जलापूर्ति योजना तैयार की जाएगी जिसकी तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा स्कूल परिसर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (गंदा पानी साफ करने की व्यवस्था) का प्रस्ताव भी तैयार किया जाएगा।
मुख्य सचिव ने भवन निर्माण विभाग को स्टाफ क्वार्टरों की मरम्मत और देखरेख के निर्देश दिए। स्कूल प्रशासन ने कर्मियों को पेंशन, एनपीएस और पारिवारिक पेंशन जैसी सरकारी सुविधाएं देने का प्रस्ताव रखा जिस पर लगभग 7 करोड़ रुपये खर्च हो सकते हैं। इस पर निर्णय से पहले अन्य राज्यों के सैनिक स्कूलों की व्यवस्था का अध्ययन किया जाएगा।
अब सैनिक स्कूल तिलैया के छात्रों की वार्षिक स्वास्थ्य जांच कोडरमा में ही की जाएगी। पहले इसके लिए छात्रों को हजारीबाग जाना पड़ता था जिससे असुविधा होती थी।
बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के प्रधान सचिव मस्तराम मीणा, स्कूली शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, सैनिक स्कूल तिलैया के प्रतिनिधि समेत कई अधिकारी शामिल हुए।

