घाटशिला कॉलेज में ड्रेस कोड और आईडी कार्ड को लेकर उठी सख़्ती की मांग, अध्यक्ष दुलाल हेम्ब्रम ने जताई नाराज़गी…

Jharkhand: झारखंड छात्र आदिवासी मूलवासी मंच, घाटशिला कॉलेज में इन दिनों छात्रों की पहचान और अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मंच के अध्यक्ष दुलाल हेम्ब्रम ने कॉलेज प्रशासन से ड्रेस कोड में कॉलेज का लोगो अनिवार्य करने और बेहतर क्वालिटी का आईडी कार्ड देने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक पिछले दो वर्षों से कॉलेज की यूनिफॉर्म में कोई पहचान चिन्ह (Logo) नहीं लगाया जा रहा है जिससे छात्रों की पहचान सार्वजनिक स्थानों पर नहीं हो पाती।
इतना ही नहीं कॉलेज प्रशासन 50 रुपये लेकर सिर्फ 10-15 रुपये की घटिया क्वालिटी का आईडी कार्ड दे रहा है जिसे छात्र पहनने से कतराते हैं। नतीजा यह है कि कई छात्र बिना आईडी कार्ड और यूनिफॉर्म के ही कॉलेज आ रहे हैं।
इसके साथ ही कॉलेज परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ रही है जिससे अड्डेबाज़ी जैसी गतिविधियां हो रही हैं और शैक्षणिक माहौल खराब हो रहा है।
इस विषय पर कॉलेज अध्यक्ष ने प्राचार्य को पत्र लिखकर दो मांगें रखी हैं—
- कॉलेज की ड्रेस पर लोगो अनिवार्य किया जाए ताकि छात्र कहीं भी आसानी से पहचाने जा सकें।
- छात्रों को अच्छी क्वालिटी के आईडी कार्ड दिए जाएं जिन्हें वे गर्व से पहन सकें।
अध्यक्ष ने चेतावनी भी दी है कि यदि आईडी कार्ड की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो मंच की ओर से कॉलेज में आईडी कार्ड वितरण पर रोक लगा दिया जाएगा।
अब देखने वाली बात यह है कि कॉलेज प्रशासन इस छात्रहित के मुद्दे पर क्या कार्रवाई करता है।


