Jamshedpur: टेल्को कॉलोनी में चोरी, बंद घर से 40 हजार नकद और लाखों के गहने गायब…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र की टेल्को कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। कॉलोनी के रोड नंबर 20 स्थित क्वार्टर नंबर K2/8 में चोरों ने उस समय धावा बोला जब घर के मुखिया राजीव कुमार दास ड्यूटी पर थे और घर में कोई नहीं था। ये घटना गुरुवार देर रात की है।
राजीव कुमार बी शिफ्ट में काम करते हैं। जब वे रात को घर लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। चोर घर के पिछवाड़े से घुसे और मुख्य गेट की कुंडी उखाड़कर अंदर दाखिल हुए। फिर उन्होंने दो अलमारियों को तोड़ डाला और उसमें रखे करीब ₹40,000 नकद और लाखों रुपये के गहनों को चुरा लिया।
इतना ही नहीं चोर आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस जैसे जरूरी दस्तावेज भी अपने साथ ले गए।
राजीव कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी इन दिनों रांची में अपनी बहन के घर गई हुई हैं और बेटी भुवनेश्वर में पढ़ाई कर रही है। घर में अकेले होने के कारण उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
राजीव ने बताया कि चोरी गए सामान की पूरी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। उन्होंने पुलिस जांच में बाधा न हो इसलिए अलमारी के सामानों को अब तक नहीं छुआ है। पत्नी के लौटने पर ही सबकुछ साफ हो सकेगा।
इस घटना से कॉलोनी के लोगों में दहशत फैल गई है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और रात के समय पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।
फिलहाल टेल्को थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

