देशभर में अब वोटर लिस्ट का होगा विशेष गहन पुनरीक्षण, चुनाव आयोग ने लिया बड़ा फैसला…

Azad Reporter desk: बिहार के बाद अब पूरे देश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) किया जाएगा। चुनाव आयोग ने 24 जून को इस संबंध में एक आदेश जारी करते हुए कहा कि वोटर लिस्ट की सच्चाई और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह जरूरी कदम है।
आयोग ने कहा कि देश के बाकी हिस्सों में SIR के लिए कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा। आयोग का मानना है कि मतदाता सूची को समय-समय पर अपडेट करना जरूरी है ताकि फर्जी, दोहराए गए मृत या स्थायी रूप से बाहर चले गए मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा सकें। इससे चुनाव की शुचिता और पारदर्शिता बनी रहती है।
बीते कुछ दिनों से SIR को लेकर हो रहे विरोध पर आयोग ने जवाब देते हुए कहा “भारत का संविधान हमारे लोकतंत्र की जननी है। तो क्या आयोग को कुछ लोगों की बातों में आकर, संविधान की अनदेखी कर देनी चाहिए? क्या मृतक, फर्जी या दो जगह नाम दर्ज कराने वालों के ज़रिए वोटिंग को बढ़ावा देना चाहिए?”
आयोग ने साफ किया कि SIR का उद्देश्य स्वस्थ और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को बनाए रखना है और इसी कारण अब पूरे देश में यह प्रक्रिया लागू की जा रही है।


