हाथी का हमला!! गुड़ाबांदा में बुजुर्ग पर हाथी ने किया हमला, हालत गंभीर…

Jharkhand: पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड के स्वर्गछिड़ा गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना घटी। गांव निवासी 66 वर्षीय अतुल बेरा शौच के लिए स्वर्णरेखा नदी किनारे गए थे तभी एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार यह हाथी गुरुवार रात ओडिशा के रास्ते गुड़ाबांदा क्षेत्र में दाखिल हुआ था। हमले के बाद घायल अतुल बेरा को तुरंत इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए ओडिशा के बारीपदा ले गए।
घटना के बाद हाथी अब भी नदी किनारे मौजूद है जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथी को जल्द से जल्द आबादी वाले क्षेत्र से हटाया जाए। सूचना मिलते ही वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम मौके के लिए रवाना हो गई है और हाथी को सुरक्षित स्थान की ओर खदेड़ने की कोशिश की जा रही है।

