झारखंड सरकार का बड़ा फैसला!! गंभीर बीमार मरीजों को तुरंत मिलेगा राशन कार्ड, अब नहीं करना होगा इंतजार…

Jharkhand: झारखंड सरकार ने गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए एक राहतभरी योजना शुरू की है। अब ऐसे मरीजों को राशन कार्ड के लिए महीनों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार के खाद्य आपूर्ति विभाग ने अपने ऑनलाइन पोर्टल में एक नया कॉलम जोड़ा है जिसके जरिए असाध्य रोगों से पीड़ित लोगों का तुरंत राशन कार्ड बनाया जाएगा।
पहले राशन कार्ड तभी बनता था जब नई एंट्री की जगह होती थी। इससे कैंसर, हार्ट डिजीज, थैलेसीमिया, लिवर सिरोसिस जैसे रोगों से पीड़ित मरीजों को और उनके परिवारों को काफी दिक्कत होती थी। वे महीनों तक अनाज के लिए भटकते थे।
अब जैसे ही किसी मरीज की बीमारी की पुष्टि होगी और वह ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करेगा उसी आधार पर तुरंत राशन कार्ड जारी कर दिया जाएगा।
हजारीबाग जिले में इस नई व्यवस्था के तहत अब तक 25 गंभीर मरीजों को तुरंत राशन कार्ड मिल चुका है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि यह फैसला बहुत मददगार साबित हो रहा है और अब कोई देरी नहीं होगी।
यह सुविधा सिर्फ हजारीबाग में नहीं बल्कि पूरे झारखंड में लागू की गई है। भारत सरकार के निर्देश के बाद राज्य सरकार ने यह कदम उठाया है।
राज्य सरकार ने 17 तरह की गंभीर बीमारियों को इस योजना में शामिल किया है जैसे—
कैंसर,गुर्दा रोग (किडनी डिजीज),लिवर सिरोसिस,हार्ट डिजीज,थैलेसीमिया,बोन मैरो ट्रांसप्लांट,रेटिनल डिटैचमेंट,ब्रेन हैमरेज और अन्य बीमारियां
इस योजना से अब झारखंड के हजारों गंभीर मरीजों और उनके परिवारों को राशन की सुविधा आसानी से और समय पर मिल सकेगी।


