IMG 20250724 134952

संबलपुर में बड़ा रेल हादसा टला: धीमी रफ्तार के कारण बची सैकड़ों यात्रियों की जान, पटरी से उतरी महिमा गोसाईं एक्सप्रेस की बोगी…

खबर को शेयर करें
IMG 20250724 134952

Jharkhand: गुरुवार सुबह संबलपुर रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। शालीमार से संबलपुर आ रही महिमा गोसाईं एक्सप्रेस (20831) का एक डिब्बा संबलपुर सिटी स्टेशन और संबलपुर जंक्शन के बीच पटरी से उतर गया। राहत की बात यह रही कि ट्रेन की रफ्तार बेहद धीमी थी जिसके चलते कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

यात्रियों ने बताया कि ट्रेन धीरे-धीरे चल रही थी तभी अचानक झटका लगा और ट्रेन रुक गई। यात्रियों को तुरंत बोगियों से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पूर्वी तटीय रेलवे ने इस घटना की पुष्टि की है और कहा कि यह हादसा सुबह 9:18 बजे हुआ जब ट्रेन संबलपुर सिटी स्टेशन से रवाना हो रही थी। गार्ड वैन के ठीक पीछे लगे एक सामान्य डिब्बे का पिछला हिस्सा पटरी से उतर गया था। घटना के बाद यात्रियों को दूसरी बोगियों में शिफ्ट कर ट्रेन रवाना कर दी गई।

रेलवे अधिकारियों और स्थानीय पुलिस की निगरानी में उतर चुके डिब्बे को फिर से पटरी पर लाने का कार्य जारी है। फिलहाल हादसे की असली वजह पता नहीं चल सकी है। रेलवे ने घटना को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और एक तकनीकी टीम मामले की जांच कर रही है।

इस घटना के बाद एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं हालांकि रेलवे की तेज कार्रवाई से स्थिति काबू में आ गई है। यात्रियों ने राहत की सांस ली है कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।