MGM अस्पताल की ओपीडी में फिर दिखी लापरवाही, घंटों डॉक्टर का इंतजार करती रहीं महिलाएं, मरीजों ने किया हंगामा…

Jamshedpur news: जमशेदपुर स्थित MGM मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल डिमना चौक के महिला एवं प्रसूति विभाग की ओपीडी (कमरा संख्या 202) में बुधवार को भारी अव्यवस्था देखने को मिली। इलाज के लिए सुबह 8 बजे से सैकड़ों महिलाएं कतार में खड़ी थीं लेकिन दोपहर 12 बजे तक कोई डॉक्टर ओपीडी में नहीं पहुंचा।
खाली पेट इंतजार करती रहीं महिलाएं
इनमें कई महिलाएं गर्भवती थीं कुछ गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं और कुछ अल्ट्रासाउंड कराने आई थीं। सभी बिना कुछ खाए-पिए इलाज के इंतजार में थीं लेकिन उन्हें घंटों तक नजरअंदाज किया गया।
घंटों इंतजार के बाद जब डॉक्टर नहीं पहुंचे तो महिलाओं और उनके परिजनों ने नाराज होकर हंगामा शुरू कर दिया। कई मरीज दूर-दराज के गांवों से आई थीं और इस लापरवाही से काफी परेशान दिखीं।
स्थिति बिगड़ते देख समाजसेवी विमल बैठा मौके पर पहुंचे और उन्होंने अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. नकुल प्रसाद चौधरी से शिकायत की। शिकायत के बाद डॉ. चौधरी ने डॉक्टरों को तुरंत मरीजों का इलाज शुरू करने का निर्देश दिया। इसके बाद डॉक्टर पहुंचे और ओपीडी में उपचार शुरू हुआ।

