1000235978

Jamshedpur : शौचालय निर्माण में धीमी रफ्तार पर डीडीसी ने जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश…

खबर को शेयर करें
1000235978

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति को लेकर एक अहम बैठक हुई। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर इस बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नागेंद्र पासवान ने की।

बैठक के दौरान डीडीसी ने शौचालय निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताई और सभी संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा के अंदर काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सहायक अभियंता कनीय अभियंता और प्रखंड समन्वयक रोजाना काम की प्रगति की समीक्षा करें और रिपोर्ट दें।

इसके साथ ही जिला समन्वयक को हर प्रखंड में जाकर वहां के प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ मिलकर जमीनी स्तर की समीक्षा बैठकें करने को कहा गया।

डीडीसी ने यह भी निर्देश दिया कि ODF प्लस मॉडल गांवों का भौतिक सत्यापन अगले सात दिनों के अंदर पूरा किया जाए ताकि रिपोर्टिंग में पारदर्शिता बनी रहे।

जल जीवन मिशन के तहत जो योजनाएं पूरी हो चुकी हैं उन्हें भी अगले सात दिनों के भीतर ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) को सौंपने का आदेश दिया गया है। इसका मकसद है कि गांवों में योजनाओं की जिम्मेदारी स्थानीय लोगों को दी जाए ताकि उनका सीधा लाभ लोगों तक पहुंचे।

बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर और आदित्यपुर के कार्यपालक अभियंता, सभी सहायक और कनीय अभियंता, जिला समन्वयक और प्रखंड समन्वयक शामिल हुए।