1000235510

साबरमती एक्सप्रेस से 1.80 करोड़ की नकदी बरामद, बिहार चुनाव से पहले बलिया में बड़ी कार्रवाई…

खबर को शेयर करें
1000235510

Azad Reporter desk: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश के बलिया रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए साबरमती एक्सप्रेस की एसी बोगी से 1 करोड़ 80 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। ये नकदी दो ट्रॉली बैग में छुपाकर रखी गई थी जो पूरी तरह से ₹500-₹500 के नोटों से भरे हुए थे।

बुधवार सुबह अहमदाबाद से दरभंगा जा रही 19165 डाउन साबरमती एक्सप्रेस जब प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर पहुंची तो जीआरपी ने ट्रेन के A-2 कोच में चेकिंग की। इसी दौरान सीट संख्या 44 पर बैठे ओमप्रकाश चौधरी नाम के एक यात्री से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान वह अपने पास मौजूद नकदी के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

ओमप्रकाश चौधरी बिहार के सारण जिले के मरहियां, मिरा मुसेहरी गांव का रहने वाला है। उसने सिर्फ इतना बताया कि ये रुपये वह झांसी से लेकर छपरा जा रहा था।

नकदी को जब जीआरपी थाने लाकर गिना गया तो कुल रकम ₹1.80 करोड़ निकली। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी ने आयकर विभाग वाराणसी के अन्वेषण टीम को सूचना दी। कुछ ही देर में टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।

सूत्रों के मुताबिक इस नकदी का संबंध बिहार विधानसभा चुनाव से हो सकता है और आशंका जताई जा रही है कि पकड़ा गया युवक केवल एक करियर (पैसे पहुंचाने वाला) हो सकता है। अब यह जांच का विषय है कि यह रकम कानूनी है या किसी अवैध गतिविधि से जुड़ी हुई है।

फिलहाल आयकर विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है और जल्द ही यह साफ होगा कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसका इस्तेमाल किसलिए होना था।