1000235395

गुमला सदर अस्पताल में एसएनसीयू खराब, 28 नवजात शिशु रांची रिम्स रेफर…

खबर को शेयर करें
1000235395

Jharkhand: गुमला सदर अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में सोमवार रात तकनीकी खराबी आ जाने के कारण अस्पताल में हड़कंप मच गया। यूनिट में भर्ती 28 नवजात शिशुओं की हालत नाजुक थी जिन्हें तुरंत रांची रिम्स रेफर किया गया।

बिजली की सप्लाई बंद होने से यूनिट के वार्मर, ऑक्सीजन मशीन, फोटोथेरेपी और अन्य जरूरी डिवाइस बंद हो गए जिससे समय से पहले जन्मे और कमजोर शिशुओं की हालत बिगड़ने लगी।

शाम 7:30 बजे तक 14 बच्चों को एम्बुलेंस से रांची भेजा गया। बाकी शिशुओं को भी धीरे-धीरे रेफर किया गया। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रुद्र कुमार ने बताया कि बिना उपकरणों के इलाज मुमकिन नहीं था इसलिए तुरंत कदम उठाया गया।

सिविल सर्जन डॉ. शंभूनाथ चौधरी ने बताया कि बच्चों की जान बचाने के लिए रांची भेजना जरूरी था। तकनीकी मरम्मत के लिए इंजीनियर को बुलाया गया है और बुधवार सुबह तक काम शुरू हो जाएगा।

परिजनों ने बताया कि बिना सूचना के अचानक रांची भेजे जाने से अफरा-तफरी मच गई। एक परिजन शिवम कुमार ने कहा कि समय रहते सूचना मिलती तो तैयारी कर पाते। शिशिर गुप्ता ने मांग की है कि एसएनसीयू जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों।

अस्पताल प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति पर पूरी नजर है और जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।