1000235387

भाजपा के वरिष्ठ नेता करिया मुंडा की तबीयत बिगड़ी, मेडिका अस्पताल में भर्ती…

खबर को शेयर करें
1000235387

Jharkhand: झारखंड के पूर्व उपसभापति और खूंटी से पूर्व सांसद पद्मविभूषण करिया मुंडा की तबीयत मंगलवार को अचानक बिगड़ गई। सांस लेने में परेशानी होने के बाद उन्हें तुरंत रांची के मेडिका-मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक 89 वर्षीय करिया मुंडा को सांस लेने में दिक्कत के कारण ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। साथ ही उनका ब्लड टेस्ट और अन्य जरूरी जांच की जा रही है। इलाज की जिम्मेदारी डॉक्टर विजय मिश्रा की टीम को सौंपी गई है।

उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें खूंटी से रांची तक एंबुलेंस द्वारा ग्रीन कॉरिडोर के जरिए लाया गया। रांची और खूंटी पुलिस ने मिलकर ट्रैफिक कंट्रोल किया और सिर्फ 30 मिनट में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

करिया मुंडा की तबीयत पहले भी कई बार बिगड़ चुकी है। 2023 में उन्हें न्यूमोनिया हुआ था वहीं जनवरी 2025 में ब्लड शुगर गिरने और बेचैनी के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। उस समय भी इलाज के बाद वे स्वस्थ होकर घर लौटे थे।

वरिष्ठ नेता की तबीयत बिगड़ने की खबर फैलते ही उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता का माहौल है। सोशल मीडिया पर लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

अस्पताल प्रशासन ने फिलहाल उनकी हालत को स्थिर बताया है लेकिन डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है।