कोल्हान के सभी डाकघर अब नए अवतार में, IT 2.0 सिस्टम हुआ लागू…

Jharkhand: कोल्हान प्रमंडल के सभी डाकघर अब नए और आधुनिक रूप में नजर आएंगे। IT 2.0 सिस्टम आज मंगलवार 22 जुलाई 2025 से पूरे कोल्हान में लागू कर दिया गया है। डाक विभाग की इस पहल से डाकघर अब और ज्यादा डिजिटल, तेज और सुविधाजनक हो गए हैं। इस बदलाव के चलते सोमवार 21 जुलाई को डाकघरों में कोई काम नहीं हुआ जिससे आम लोगों को थोड़ी असुविधा हुई।
कोल्हान के 727 डाकघरों जिनमें 71 उपडाकघर और 646 ग्रामीण डाकघर शामिल हैं में यह सिस्टम पूरी तरह से लागू हो चुका है। शुरुआत में 17 डाकघरों में तकनीकी समस्याएं आईं लेकिन वरिष्ठ डाक अधीक्षक उदयभान सिंह ने बताया कि देर रात तक इन्हें भी दुरुस्त कर लिया गया।
उदयभान सिंह के मुताबिक, IT 2.0 के लागू होने से डेटा प्रोसेसिंग तेज होगी और डाक विभाग पहले से ज्यादा तकनीकी रूप से सक्षम बनेगा। इस प्रणाली से काम करना कर्मचारियों के लिए आसान होगा और जनता को ओटीपी आधारित सुरक्षित डिलीवरी मिलेगी।
IT 2.0 से अब शहरी ही नहीं गांवों में भी डिजिटल लेनदेन, ट्रैकिंग सिस्टम, रियल टाइम अपडेट और पेपरलेस वर्क जैसी सुविधाएं मिलेंगी। यह कदम डाक सेवाओं को पूरी तरह आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन है।

