झारखंड हाई कोर्ट को मिला नया मुखिया, रांची पहुंचे जस्टिस तरलोक सिंह चौहान…
रांची: झारखंड हाई कोर्ट के नवनियुक्त चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान मंगलवार को विमान से रांची पहुंचे । बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया ।चीफ जस्टिस चौहान बुधवार 23 जुलाई को राजभवन में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे । शपथग्रहण समारोह सुबह 10 बजे होगा, जहां राज्यपाल संतोष गंगवार उन्हें शपथ दिलाएंगे ।
इस खास मौके पर जस्टिस चौहान के 50 से 60 परिजन भी रांची पहुंच रहे हैं । उन्हें स्टेट गेस्ट हाउस और शहर के अलग-अलग होटलों में ठहराने की व्यवस्था की गई है ।तरलोक सिंह चौहान झारखंड हाई कोर्ट के 15वें मुख्य न्यायाधीश होंगे । इससे पहले वे हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट में सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे । शिमला से स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से कानून की पढ़ाई पूरी की । 1989 में उन्होंने हिमाचल प्रदेश बार काउंसिल में वकालत की शुरुआत की और 2014 में उन्हें हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया ।
उसी वर्ष वे स्थायी जज बनाए गए ।झारखंड हाई कोर्ट में फिलहाल वरिष्ठ जज जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर जिम्मेदारी निभा रहे हैं । उन्होंने यह पदभार पूर्व मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव के त्रिपुरा ट्रांसफर के बाद संभाला था ।राज्य के न्यायिक इतिहास में एक और अहम अध्याय जुड़ने जा रहा है, जब न्यायिक दक्षता और प्रशासनिक अनुभव से भरपूर जस्टिस चौहान बुधवार को झारखंड हाई कोर्ट की कमान संभालेंगे । पूरे राज्य की निगाहें इस नई शुरुआत पर टिकी हुई हैं ।


