झारखंड दौरे पर आएंगे केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ,डीजीपी ने बुलाई उच्चस्तरीय बैठक…
रांची: केंद्रीय गृह सचिव 28 जुलाई को झारखंड के दौरे पर आने वाले हैं। यह दौरा राज्य में नशे के बढ़ते मामलों और अवैध मादक पदार्थों के व्यापार पर नियंत्रण को लेकर बेहद अहम माना जा रहा है। गृह सचिव की यात्रा से पहले राज्य स्तर पर तैयारियां तेज़ हो गई हैं।झारखंड पुलिस के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने 22 जुलाई को इस सिलसिले में एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है।
इस बैठक में स्पेशल ब्रांच, मानवाधिकार प्रकोष्ठ, सीआईडी, डीआईजी जैप, विधि विज्ञान प्रयोगशाला और एटीएस के वरिष्ठ अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। बैठक का उद्देश्य गृह सचिव के आगमन से पहले सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों की गहन समीक्षा करना है।इधर, झारखंड की मुख्य सचिव 23 जुलाई को एक अलग बैठक के माध्यम से दौरे की व्यवस्थाओं की समग्र समीक्षा करेंगी। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी भाग लेंगे और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले अप्रैल में भी केंद्रीय गृह सचिव का झारखंड दौरा निर्धारित था लेकिन आखिरी समय में वह रद्द हो गया था। इस बार उनके रांची आगमन पर राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है जिसमें नशा और अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध जिला स्तर पर की गई कार्रवाई, रोकथाम के प्रयास और भावी रणनीतियों पर विशेष चर्चा होगी।यह दौरा न केवल राज्य की कानून व्यवस्था बल्कि मादक पदार्थों के खिलाफ प्रशासन की प्रतिबद्धता को दिशा देने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


