1000234379

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा राष्ट्रपति ने किया मंजूर, PM Modi का पहला बयान आया सामने…

खबर को शेयर करें
1000234379

Azad Reporter desk: भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा सौंपा। राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा तुरंत स्वीकार कर लिया। मंगलवार को गृह मंत्रालय की अधिसूचना के जरिए राज्यसभा को इसकी जानकारी दी गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए लिखा “जगदीप धनखड़ जी ने उपराष्ट्रपति सहित कई भूमिकाओं में देश की सेवा की है। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”

सोमवार को रहे थे संसद में सक्रिय
इस्तीफे से एक दिन पहले सोमवार को धनखड़ राज्यसभा में पूरे दिन सक्रिय नजर आए। उन्होंने विपक्ष को संसद को एक सकारात्मक मंच बनाने की सलाह दी। इसके अलावा दो न्यायाधीशों के खिलाफ महाभियोग प्रस्तावों से जुड़े मामलों में भी उन्होंने कार्रवाई की जानकारी दी।

74 वर्षीय जगदीप धनखड़ ने इस्तीफा देते हुए लिखा, “स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए और डॉक्टरों की सलाह पर मैं यह कदम उठा रहा हूं।”
उन्होंने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कैबिनेट और सभी सांसदों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उपराष्ट्रपति के रूप में मिला सम्मान और सहयोग वे कभी नहीं भूलेंगे।

धनखड़ उपराष्ट्रपति रहते हुए किसानों के मुद्दों और न्यायपालिका में पारदर्शिता के पक्ष में मुखर रहे। उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात रही और वे देश के उज्ज्वल भविष्य को लेकर आशान्वित हैं।

धनखड़ अगस्त 2022 में भारत के 14वें उपराष्ट्रपति बने थे। इससे पहले वे पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रह चुके हैं। अब उनके इस्तीफे के बाद देश के नए उपराष्ट्रपति के नाम को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।