Jamshedpur: सोनारी एयरपोर्ट पर फिसला विमान, 9 यात्री बाल-बाल बचे…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। भुवनेश्वर से आ रहा इंडिया वन एयर का 19 सीटर विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया और घास वाले इलाके में जाकर रुका। विमान में दो पायलट समेत कुल 9 लोग सवार थे।
लैंडिंग के वक्त विमान में झटका लगने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कुछ यात्री डर के मारे चीखने-रोने लगे। पायलट की सूझबूझ से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सिर्फ एक यात्री को हल्की चोट लगी, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। विमान को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा लेकिन इस घटना ने एयरपोर्ट की सुरक्षा और रनवे की हालत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण रनवे गीला हो गया था जिससे लैंडिंग के समय विमान का संतुलन बिगड़ गया। अब इस मामले की जांच भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो कर रही है।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब सोनारी एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान परेशानी हुई हो। इससे पहले भी यात्री रनवे की स्थिति और एयरपोर्ट की सुविधाओं को लेकर शिकायत कर चुके हैं। हालांकि एयरपोर्ट प्रशासन ने अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

