झारखंड में पहली बार जूनियर और सब-जूनियर पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन, 2 अगस्त को रांची में होगा ट्रायल, ऑनलाइन करें आवेदन…

Jharkhand: झारखंड में पहली बार जूनियर और सब-जूनियर स्तर पर पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। यह प्रतियोगिता 2 अगस्त 2025 को रांची के खेलगांव स्थित प्रैक्टिस ग्राउंड में होगी। इसके साथ ही इस दिन खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल भी लिया जाएगा।
इस आयोजन का मकसद राज्य के दिव्यांग खिलाड़ियों को एक बेहतर मंच देना है जिससे वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकें। इस चैंपियनशिप में चुने गए खिलाड़ी 22 से 24 अगस्त तक हरियाणा में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस प्रतियोगिता में ट्रैक और फील्ड इवेंट्स दोनों होंगे।
- दौड़ की प्रतियोगिताएं– 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर और 1500 मीटर
•फील्ड इवेंट्स – शॉटपुट, जैवलिन थ्रो, लॉन्ग जंप, हाई जंप और क्लब थ्रो
झारखंड के सभी 24 जिलों से दिव्यांग छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। सरकारी स्कूल, प्राइवेट स्कूल, कॉलेज और विशेष स्कूलों के छात्र भी इसमें शामिल हो सकते हैं।
इच्छुक खिलाड़ी ऑनलाइन गूगल फॉर्म के जरिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के समय विकलांगता प्रमाण पत्र और स्कूल या कॉलेज का सिफारिश पत्र देना जरूरी होगा।
इसके अलावा इच्छुक लोग इन नंबरों पर भी संपर्क कर सकते हैं :
6204362021
9661574825
इस आयोजन का आयोजन पैरालिंपिक कमिटी ऑफ झारखंड कर रही है और इसमें सामाजिक संस्था ‘परिवर्तन’ और ’99 फाउंडेशन’ का सहयोग मिल रहा है।
पैरा ओलंपिक कमिटी ऑफ झारखंड के अध्यक्ष सेवानिवृत्त IAS जटा शंकर चौधरी ने बताया कि यह आयोजन राज्य के दिव्यांग युवाओं के लिए बहुत बड़ा मौका है। इससे उन्हें आत्मविश्वास मिलेगा और आगे बढ़ने की प्रेरणा भी।
झारखंड में पहली बार हो रहे इस आयोजन को लेकर युवाओं में उत्साह है और बड़ी संख्या में भागीदारी की उम्मीद की जा रही है।

