1000234194

Jharkhand: मंत्री के जनता दरबार में उठे बड़े मामले!! 43 लाख की एंबुलेंस गायब, ज़मीन विवाद और योजना की राशि न मिलने की शिकायतें…

खबर को शेयर करें
1000234194

Jharkhand: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जनता दरबार लगाया जहां राज्यभर से आए लोगों ने अपनी शिकायतें रखीं। कुल 123 लोगों ने मंत्री के सामने अपनी परेशानियों को रखा।

दरबार में सबसे चौंकाने वाला मामला सिल्ली से आया जहां घनश्याम मुंडा ने बताया कि एक साल पहले राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने गूंज संस्था को सिल्ली के लिए 43 लाख की एक एंबुलेंस दी थी जो अब तक गायब है। उन्होंने मंत्री से एंबुलेंस खोजने की गुहार लगाई।

इसी तरह हलीमा परवीन और उनकी मां नजमा परवीन ने ‘मैनिया सम्मान योजना’ की राशि न मिलने की शिकायत की। मंत्री ने तुरंत उपायुक्त से बात कर समस्या सुलझाने को कहा।

हजारीबाग के पदमा इलाके से आए शंभू रविदास ने बताया कि उन्हें भूदान में ज़मीन मिली थी लेकिन उस पर दूसरे लोगों ने कब्जा कर लिया और उनका बन रहा घर तोड़ दिया गया। मंत्री ने इस पर भी जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता दरबार में लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र निर्माण, राशन कार्ड, ज़मीन विवाद, स्थानांतरण, बिजली बिल सुधार और अस्पताल निर्माण जैसी समस्याएं उठाईं। मंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देकर हल करें।

इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने अखिल भारतीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का जन्मदिन भी मनाया और उनकी लंबी उम्र की कामना की।

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा शासन में व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई थी और अब लोगों की आवाज़ सुनी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे जनता की समस्याओं को गंभीरता से लें और समय पर समाधान करें।

जनता दरबार में रांची, हजारीबाग, गुमला, धनबाद, गिरिडीह, चतरा, पलामू, खूंटी समेत कई जिलों से लोग पहुंचे थे।