चंदन मिश्रा हत्याकांड : पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार…

Azad Reporter desk: गैंगस्टर चंदन मिश्रा हत्याकांड में बिहार पुलिस और एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की। यह मुठभेड़ बिहिया-कटेया पथ पर सुबह करीब पौने छह बजे हुई। इसमें दो कुख्यात अपराधी गोली लगने से घायल हो गए और तीन अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया।
मुठभेड़ में बलवंत कुमार (22) और रविरंजन सिंह (20) को गोली लगी।बलवंत, बक्सर के लीलाधरपुर परसिया का रहने वाला है। रविरंजन, भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र के चकरही गांव का निवासी है। दोनों को पहले बिहिया अस्पताल लाया गया और फिर गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया।
जांच में सामने आया है कि बलवंत ने चंदन मिश्रा की हत्या में शामिल शूटरों को 10 पिस्टल दी थीं और उन्हें खुद पटना के पारस अस्पताल तक छोड़ा था, जहां 17 जुलाई को चंदन की हत्या हुई। बलवंत, पश्चिम बंगाल की पुरुलिया जेल में बंद गैंगस्टर शेरू सिंह के संपर्क में था और उसी के इशारे पर हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक शेरू सिंह ने हत्या के बदले हर शूटर को 5 लाख रुपये देने का वादा किया था। तौसीफ को पारस अस्पताल की पूरी जानकारी थी, इसलिए उसे भी साजिश में शामिल किया गया। हत्या के बाद तौसीफ फरार हो गया और पहचान छिपाने के लिए दाढ़ी कटवा ली।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि चंदन मिश्रा के कुछ करीबी लोग भी इस साजिश में शामिल थे। वे लगातार शूटरों को उसकी गतिविधियों की जानकारी दे रहे थे।
इस पूरी साजिश का संचालन जेल में बैठे गैंगस्टर शेरू सिंह द्वारा किया जा रहा था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
यह मुठभेड़ चंदन मिश्रा हत्याकांड के कई राज उजागर करने वाली साबित हो रही है।

