झारखंड के गांवों में खुलेंगे 1117 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र, अब घर के पास मिलेगा इलाज…

Jharkhand: झारखंड सरकार ने ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य के 1117 पंचायतों में नए हेल्थ सब सेंटर (स्वास्थ्य उपकेंद्र) खोले जाएंगे जिससे लोगों को बुखार, सर्दी, दस्त जैसी सामान्य बीमारियों का इलाज अपने गांव में ही मिल सकेगा।
इस योजना पर 619 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। हर हेल्थ सब सेंटर के भवन के निर्माण पर करीब 55.50 लाख रुपये की लागत आएगी।
किस जिले में कितने हेल्थ सेंटर खुलेंगे:
गिरिडीह: 164,धनबाद: 135,पलामू: 91,रांची: 54,चतरा: 49,साहेबगंज: 43,देवघर: 42,पाकुड़: 35,गोड्डा: 33,बोकारो: 28,गुमला: 23,दुमका: 17,कोडरमा: 15,लातेहार: 15,गढ़वा: 14,सरायकेला: 10,लोहरदगा: 6,सिमडेगा: 6,जामताड़ा: 4
2011 की जनगणना के अनुसार झारखंड की कुल 4345 पंचायतों में से 949 पंचायतों में कोई भी स्वास्थ्य सुविधा नहीं थी। इसी को ध्यान में रखते हुए यह योजना बनाई गई है।
हेल्थ सब सेंटर से क्या होगा फायदा:
•इलाज घर के पास: अब बुखार, चोट, दस्त जैसे छोटे इलाज के लिए शहर नहीं जाना होगा।
•गर्भवती महिलाओं और बच्चों की देखभाल: टीकाकरण, पोषण और दवाएं गांव में ही मिलेंगी।
•किशोरियों को सलाह: माहवारी स्वच्छता और पोषण के बारे में जानकारी दी जाएगी।
•रोगों की पहचान और रोकथाम: मलेरिया, डेंगू जैसी बीमारियों का समय रहते इलाज संभव होगा।
•सरकारी योजनाओं का लाभ: अब आयुष्मान भारत और मिशन इंद्रधनुष जैसी योजनाओं का सीधा फायदा गांव में मिलेगा।
यह सभी सेंटर 2024-25 और 2025-26 के बीच बनकर तैयार हो जाएंगे। अप्रैल में योजना को मंजूरी मिली और जून में फंड भी जारी कर दिए गए हैं।
झारखंड सरकार की यह पहल गांवों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में एक बड़ा और जरूरी कदम साबित होगी।


