जमशेदपुर की विधायिका पूर्णिमा साहू का बर्मामाइंस दौरा, विकास कार्यों का लिया जायजा, अवैध पार्किंग पर जताई नाराजगी…

Jamshedpur news: जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायिका पूर्णिमा साहू ने सोमवार को बर्मामाइंस क्षेत्र के कई बस्तियों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जनता से सीधे बात की और इलाके में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
विधायिका ने ईस्ट प्लांट बस्ती, भक्तिनगर, रघुवर नगर, सिदो-कान्हू बस्ती और मनीफीट जैसे इलाकों में जाकर बारिश के बाद की समस्याएं देखीं। इनमें जलजमाव, खराब सड़कें, नालियों की सफाई, कचरे की समस्या और स्ट्रीट लाइट की खराबी शामिल थीं। उन्होंने अधिकारियों से फोन पर बात कर तुरंत कार्रवाई करने को कहा और लोगों को भरोसा दिलाया कि जल्द समाधान होगा।
विधायिका पूर्णिमा साहू ने बीना रोड स्थित लिंडे इंडिया लिमिटेड के पास भारी वाहनों की अवैध पार्किंग पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस वजह से भक्तिनगर और रघुवर नगर जैसे इलाकों में स्कूली बच्चों, मरीजों और आम लोगों को बहुत परेशानी हो रही है।
उन्होंने बताया कि टाटा स्टील ने दुर्गा पूजा मैदान को पार्किंग के लिए तय किया है लेकिन सही ढंग से प्रबंधन नहीं होने की वजह से ट्रैफिक की समस्या बनी हुई है। इस पर उन्होंने टाटा स्टील प्रबंधन, जिला प्रशासन, ट्रैफिक डीएसपी और बर्मामाइंस थाना प्रभारी से बात कर जल्द से जल्द समाधान की मांग की।
विधायिका ने कहा कि जनता को किसी भी तरह की दिक्कत न हो इसके लिए वे पूरी मेहनत से काम कर रही हैं और हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
इस दौरे में उनके साथ विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, मंडल अध्यक्ष सूरज सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामबाबू तिवारी, दिनेश कुमार, कुलवंत सिंह बंटी, सागर राय और अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

