सरायकेला गम्हरिया विरोध प्रदर्शन:रापचा महिला समिति डीलर पर राशन न देने का आरोप, ग्रामीणों ने किया आपूर्ति कार्यालय पर प्रदर्शन…

Jharkhand: गम्हरिया प्रखंड के रापचा पंचायत में ग्रामीणों ने महिला उत्थान समिति द्वारा संचालित राशन दुकान पर राशन न मिलने को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से उन्हें अनाज, दाल, तेल, धोती-साड़ी और अन्य जरूरी सामग्री नहीं मिल रही है।
ग्रामीणों ने प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि वे सभी दिहाड़ी मजदूर हैं और पिछले दो वर्षों से इसी दुकान से राशन प्राप्त कर रहे हैं। उनका कहना है कि डीलर रीना महाली बार-बार यह कहकर राशन देने से मना कर देती हैं कि “अनाज नहीं आया है” जबकि दुकान में अनाज भरा रहता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि दुकान से चावल और अन्य सामग्री टेंपो और कार के जरिए कालाबाजारी में भेजा जा रहा है। इसके अलावा समिति सचिव के बिना ही दुकान चलाई जा रही है और यह दुकान सरकारी निर्धारित स्थान की बजाय निजी घर से संचालित हो रही है। किरायेदार को समिति का सदस्य बनाकर दुकान का संचालन किया जा रहा है।
सबसे गंभीर बात यह है कि हरे राशन कार्डधारकों को भी दो वर्षों से राशन नहीं मिला है। ग्रामीणों का कहना है कि “सरकार गरीबों के लिए योजना चलाती है लेकिन हम तक इसका लाभ नहीं पहुंच रहा। रोज़ भूखे पेट सोने की नौबत आ गई है।”
ग्रामीणों ने मांग की है कि रापचा समिति की दुकान की जल्द जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो ताकि उन्हें उनका हक मिल सके।

