BG 40
|

अव्यवस्थित पार्किंग से डिमना रोड पर जाम, एंबुलेंस भी फंसी लोगों ने किया जोरदार विरोध…

खबर को शेयर करें

जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना रोड स्थित सिरेमन नगर में सोमवार को आरवीएस एकेडमी स्कूल के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण भारी जाम लग गया। जाम की वजह से एक एंबुलेंस भी बीच रास्ते में फंस गई, जिससे स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और ट्रैफिक डीएसपी से जल्द समाधान की मांग की।

स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कूल खुलने और छुट्टी के समय सड़क पर स्कूल बस, ऑटो, निजी वाहन और अभिभावकों की गाड़ियां एक साथ खड़ी हो जाती हैं, जिससे सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो जाती है। इससे बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है।प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि स्कूल के पास एक बड़ा मैदान है, जहां पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जा सकती है, लेकिन स्कूल प्रबंधन की अनदेखी के चलते रोज़ जाम की स्थिति बनती है।

महिलाओं ने बताया कि छोटे बच्चों के साथ सड़क पार करना बेहद खतरनाक हो गया है।स्थानीय निवासी मुकेश कुमार और उमा कोड़ा ने बताया कि पटमदा, कटिंग जैसी दूरदराज़ की जगहों से आने-जाने वाले लोग रोज़ समय पर अपने कार्यस्थलों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। कई बार तो वाहन चालकों के बीच झगड़े तक की नौबत आ जाती है।आक्रोशित नागरिकों ने प्रशासन और ट्रैफिक विभाग से मांग की कि स्कूल को नोटिस देकर मैदान में ही वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।