झारखंड CID की बड़ी कार्रवाई, अहमदाबाद से 49.98 लाख की साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार
झारखंड: झारखंड पुलिस के साइबर क्राइम थाने में दर्ज 49.98 लाख रुपये की ठगी के एक मामले में अहम सफलता मिली है। राज्य की CID टीम ने गुजरात के अहमदाबाद से आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रवि हरामुखलाल गोधनिया के रूप में हुई है जो मूल रूप से गुजरात का रहने वाला है।
पुलिस को उसके पास से एक मोबाइल फोन, सिम कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, एक हार्ड डिस्क, चेकबुक और ठगी से जुड़े डिजिटल सबूत मिले हैं। फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।इस मामले में पीड़ित ने 14 मई को शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी ने खुद को केंद्रीय एजेंसियों का अधिकारी बताते हुए व्हाट्सएप कॉल के जरिये पीड़ित को डरा-धमकाकर कहा कि वह 300 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसा हुआ है। इसके बाद उसे वीडियो कॉल के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट में रखा गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर 49.98 लाख रुपये ठग लिए गए।
जांच के दौरान आरोपी के नाम पर इंडियन बैंक में एक ऐसा खाता मिला, जिसमें एक ही दिन में 79 लाख रुपये का लेन-देन हुआ था। इसी खाते का उपयोग बेंगलुरु के CEN क्राइम थाने में दर्ज एक अन्य साइबर ठगी केस में भी हुआ है। दोनों मामलों को जोड़कर जांच की जा रही है।CID की डीएसपी नेहा बाला ने बताया कि यह एक संगठित साइबर गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जो देशभर में अलग-अलग नंबरों से कॉल कर लोगों को धमकाकर ठगी कर रहा है।
उन्होंने जनता को आगाह किया है कि किसी भी अनजान कॉल या व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर विश्वास न करें। सरकार या जांच एजेंसियां इस तरह किसी से पैसे नहीं मांगतीं।उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी के साथ ऐसा कुछ होता है तो वह तुरंत 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।


