जमशेदपुर डिमना रोड पर स्कूल वाहनों से जाम, एंबुलेंस फंसी, लोगों का फूटा गुस्सा…

Jamshedpur news: सोमवार को जमशेदपुर के डिमना रोड स्थित सिरोमन नगर में उस समय भारी जाम की स्थिति पैदा हो गई जब R.V.S Academy स्कूल के बाहर वाहनों की भीड़ लग गई। बेतरतीब खड़े स्कूल बसों और गाड़ियों की वजह से सड़क पूरी तरह से जाम हो गई जिससे एक एंबुलेंस भी बीच रास्ते में फंस गई।
जाम से परेशान लोगों का धैर्य टूट गया और वे सड़क पर उतरकर स्कूल प्रबंधन और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। लोगों ने मौके पर पहुंचे ट्रैफिक डीएसपी से तत्काल समस्या का समाधान करने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कूल की लापरवाही के कारण हर दिन सड़क पर जाम लग जाता है। सबसे चिंता की बात यह है कि जाम में फंसने के कारण अगर किसी मरीज को समय पर अस्पताल न पहुंचाया जा सके तो इसका जिम्मेदार कौन होगा?
लोगों ने कहा कि स्कूल के पास खुद का बड़ा मैदान है जहां सभी गाड़ियों की पार्किंग कराई जा सकती है लेकिन इसकी बजाय गाड़ियां सड़क पर ही खड़ी कर दी जाती हैं।
स्थानीय निवासी मुकेश कुमार और उमा कोड़ा ने बताया कि स्कूल खुलने और छुट्टी के समय तो सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में रहती है। महिलाएं बोलीं कि छोटे बच्चों को लेकर सड़क पार करना बहुत जोखिम भरा हो गया है।
पटमदा और कटिंग जैसे दूर-दराज के इलाकों से आने-जाने वाले लोगों को भी इस जाम की वजह से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार तो वाहन चालकों के बीच झगड़े की नौबत भी आ जाती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और ट्रैफिक विभाग से मांग की है कि स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी किया जाए और स्कूल परिसर के मैदान में ही वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्दी समाधान नहीं हुआ तो वे और भी बड़ा आंदोलन करेंगे।

