टाटा पावर पर रैयत किसानों का गंभीर आरोप, DC से की कार्रवाई की मांग
जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलुंग गांव के अनुसूचित जनजाति रैयत किसानों ने टाटा पावर कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन को शिकायत सौंपी है। किसानों का कहना है कि कंपनी ने उनकी खेती योग्य जमीन पर बिना अनुमति फ्लाई ऐश डंप कर दिया, जिससे उनकी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है।सोमवार को किसान अपने कृषि उपकरणों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचे और उपायुक्त, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को ज्ञापन देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी ने यह कार्य भू-माफियाओं की मिलीभगत से किया है।किसानों ने बताया कि वर्षों से वे अपने परिवार का पालन-पोषण इसी जमीन की खेती से कर रहे हैं, लेकिन अब उनकी धान की फसल बर्बाद हो चुकी है। बारिश के चलते फ्लाई ऐश खेतों में फैल गया और मिट्टी पर एक कठोर परत जम गई, जिससे जमीन की उपजाऊ क्षमता भी समाप्त हो रही है।प्रभावित किसानों ने मांग की है कि टाटा पावर और इसमें संलिप्त लोगों पर अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम और आईपीसी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए।
साथ ही, खेतों से फ्लाई ऐश हटाकर जमीन को पहले जैसी स्थिति में बहाल किया जाए और उचित मुआवजा भी दिया जाए।गांव के ग्राम प्रधान कपिल देव मुंडा और महेश्वर मुंडा ने भी किसानों के साथ मिलकर प्रशासन से न्याय की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो गांववाले आंदोलन करेंगे।किसानों ने अपने आवेदन के साथ जमीन के दस्तावेज, खाता संख्या और स्थल की तस्वीरें भी संलग्न की हैं ताकि प्रशासनिक जांच में सहायता मिल सके।


