1000233307

खड़गपुर मंडल में रेलवे का सख्त टिकट चेकिंग अभियान, बिना टिकट पकड़े गए 77 यात्री ,वसूला गया करीब ₹1.10 लाख जुर्माना…

खबर को शेयर करें
1000233307

Azad Reporter desk: दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल में सोमवार को विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का मकसद बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाना और यात्रियों में रेलवे नियमों का पालन सुनिश्चित करना था।

खड़गपुर मंडल की टीम ने ट्रेन संख्या 12814 (स्टील एक्सप्रेस) और 12860 (हावड़ा–मुंबई सीएसएमटी गीतांजलि एक्सप्रेस) में सघन जांच की। इस दौरान 47 यात्री बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते पाए गए जिनसे मौके पर ₹36,980 का जुर्माना वसूला गया।

इसके अलावा दूसरी टीम ने ट्रेन संख्या 12828, 12504 और 38815 में जांच अभियान चलाया जिसमें 30 मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹73,900 का जुर्माना वसूला गया।

यह अभियान खड़गपुर मंडल के टिकट जांच कर्मचारियों और वाणिज्य निरीक्षकों की कई टीमों ने मिलकर चलाया। पूरे दिन अलग-अलग ट्रेनों में यह सख्त जांच चलती रही।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे टिकट जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे ताकि रेलवे व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और यात्री अनुशासन का पालन करें। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और नियमों का पालन करें।