e-PAN Card डाउनलोड करने के नाम पर आ रहा फर्जी मेल, क्लिक किया तो हो सकती है ठगी, PIB ने दी चेतावनी…

Azad Reporter desk: इन दिनों कई लोगों को एक ऐसा ईमेल मिल रहा है जिसमें लिखा होता है कि आपका e-PAN Card डाउनलोड करने के लिए लिंक भेजा गया है। इस लिंक पर क्लिक करने से आपके साथ बड़ी ऑनलाइन ठगी हो सकती है। PIB की फैक्ट चेक टीम ने इस ईमेल को फर्जी बताया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
कुछ लोगों को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के नाम पर एक ईमेल मिला है जिसमें एक लिंक होता है। कहा जाता है कि इस लिंक पर क्लिक करके आप अपना e-PAN डाउनलोड कर सकते हैं। लेकिन एक्सपर्ट्स के मुताबिक यह एक फिशिंग स्कैम है। इसका मकसद आपकी पर्सनल जानकारी जैसे कि पासवर्ड, ओटीपी, बैंक डिटेल्स या कार्ड नंबर चुराना होता है।
PIB (प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो) ने साफ कहा है कि यह मेल पूरी तरह से फर्जी है और एक सुनियोजित ऑनलाइन फ्रॉड है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे ईमेल, कॉल या मैसेज से दूर रहें जो बैंक या निजी जानकारी मांगते हैं।
फिशिंग एक ऐसा साइबर अपराध है जिसमें धोखेबाज़ सरकारी या भरोसेमंद संस्था का नाम लेकर नकली ईमेल या वेबसाइट बनाते हैं। फिर वे लोगों को झांसे में लेकर उनकी निजी जानकारी चुरा लेते हैं।
अगर ऐसा मेल आए तो ये करें!!
•लिंक या अटैचमेंट पर कभी क्लिक न करें।
•मेल को webmanager@incometax.gov.in पर फॉरवर्ड करें।
•एक कॉपी incident@cert-in.org.in को भी भेजें।
•ईमेल का इंटरनेट हेडर भी साझा करें (यदि संभव हो)।
•इसके बाद ईमेल को डिलीट कर दें।
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने कहा है कि वे कभी भी ईमेल या कॉल पर पासवर्ड, पिन या बैंक डिटेल्स नहीं मांगते। ऐसे मेल से सतर्क रहें और किसी भी जानकारी को साझा न करें।
खुद को सुरक्षित रखने के आसान उपाय:
•अपने मोबाइल और कंप्यूटर में अपडेटेड एंटीवायरस रखें।
•अनजान लिंक या वेबसाइट पर अपनी जानकारी कभी न डालें।
•संदिग्ध ईमेल या कॉल को इग्नोर करें।
•वेबसाइट का URL ध्यान से पढ़ें क्योंकि मामूली गलती भी नुकसान पहुंचा सकती है।
( ध्यान रखें सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। )

