जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र!! कोवाली में तेज रफ्तार पिकअप वैन मकान में घुसी, शिक्षक का घर क्षतिग्रस्त…

Jamshedpur news: जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र के कोवाली थाना अंतर्गत पालीडीह गांव में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। ओडिशा से सब्जी लेकर आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वैन अनियंत्रित होकर शिक्षक धानु माझी के मकान में जा घुसी जिससे घर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और घर के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। पीड़ित धानु माझी ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे परिवार के सभी लोग अपने-अपने काम में लगे थे। उसी समय ओडिशा से जमशेदपुर जा रही सब्जी लदी पिकअप वैन गांव के संकीर्ण रास्ते से गुजर रही थी। तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और पास देने के चक्कर में वैन सीधे उनके मकान से टकरा गई।
उन्होंने बताया कि जो हिस्सा टूटा है वहीं पर वह आमतौर पर सुबह बैठते हैं लेकिन उस समय वह घर के अंदर थे जिससे उनकी जान बच गई। उन्होंने प्रशासन से मकान की मरम्मत के लिए उचित मुआवजा देने की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पिकअप वैन को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और यातायात नियमों के उल्लंघन की भी पड़ताल की जा रही है।

