झारखंड सरकार देगी NEET और JEE की मुफ्त कोचिंग, 300 ST छात्रों को मिलेगा फायदा…

Jharkhand: झारखंड सरकार ने राज्य के 300 ST (Scheduled Tribe) छात्रों के लिए NEET और JEE जैसे महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग योजना शुरू की है।
यह योजना झारखंड के कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही है। इसका उद्देश्य है कि जो ST छात्र 10वीं पास कर चुके हैं और अब 11वीं-12वीं में पढ़ रहे हैं उन्हें NEET और JEE की बेहतर तैयारी का अवसर मिले।
इस योजना के तहत चुने गए छात्रों को मुफ्त रिहायशी कोचिंग, पढ़ाई का सारा सामग्री, मॉक टेस्ट और शैक्षणिक मार्गदर्शन बिल्कुल मुफ्त दिया जाएगा। यह सुविधा 12वीं कक्षा पूरी होने तक दी जाएगी।
इस योजना का लाभ केवल झारखंड राज्य के उन छात्रों को मिलेगा जिन्होंने 10वीं कक्षा की परीक्षा JAC, CBSE या ICSE बोर्ड से पास की हो।
सरकार ऐसे कोचिंग संस्थानों का चयन टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से करेगी जिनका NEET और JEE की तैयारी में अच्छा रिकॉर्ड रहा हो।
SC/ST और पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चंपा लिंडा ने कहा “यह केवल कोचिंग नहीं, बल्कि हमारे ST छात्रों के डॉक्टर और इंजीनियर बनने के सपनों में निवेश है। सरकार की कोशिश है कि कोई भी होनहार छात्र संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए।”
यह योजना पहले की ‘आकांक्षा’ योजना का एक नया रूप मानी जा रही है लेकिन इस बार इसका फोकस सिर्फ NEET और JEE और केवल ST छात्रों पर रखा गया है।
छात्रों को कोचिंग के साथ-साथ 11वीं और 12वीं की पढ़ाई भी वहीं रेजिडेंशियल कैंपस में कराई जाएगी।
इस योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी और योग्य छात्रों को इसकी जानकारी सरकारी माध्यमों से दी जाएगी। कोचिंग सत्र 2025-26 से शुरू होगा।
शिक्षा से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस फैसले का स्वागत किया है और इसे ST युवाओं के लिए मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई को सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

