झारखंड मौसम अपडेट : तीन दिन चढ़ेगा तापमान, फिर बारिश के साथ गिरावट…

Jharkhand: झारखंड में आने वाले तीन दिनों तक गर्मी थोड़ा सताएगी क्योंकि तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। लेकिन इसके बाद मौसम का मिजाज बदल जाएगा और तापमान में फिर गिरावट दर्ज की जाएगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार यह बदलाव उत्तर भारत से झारखंड होते हुए ओडिशा की ओर बढ़ रही ट्रफ रेखा की वजह से होगा। इसके प्रभाव से राज्य के कई जिलों में तेज हवाएं, वज्रपात और गरज के साथ बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम केंद्र, रांची ने 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बन रहा है जो 24 जुलाई तक झारखंड के मौसम को प्रभावित करेगा। इसके चलते राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने इसके लिए पहले से अलर्ट जारी कर दिया है ताकि लोग सतर्क रहें।
पिछले 24 घंटे में राज्य में मानसून सामान्य रहा। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे ज्यादा वर्षा गुमला में रिकॉर्ड की गई जहां 77.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं बहरागोड़ा (पूर्वी सिंहभूम) में सर्वाधिक तापमान 33.8°C और लातेहार में न्यूनतम तापमान 21.1°C रहा।
प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा:
•जमशेदपुर : तापमान में 2.6°C की गिरावट, अधिकतम तापमान 32.8°C
•डालटनगंज : 2.2°C की गिरावट, अधिकतम तापमान 31.6°C
•बोकारो : 0.7°C की गिरावट, अधिकतम तापमान 31.5°C
•चाईबासा : 4°C की भारी गिरावट, अधिकतम तापमान 32.4°C
ध्यान रखें अगले तीन दिन गर्मी थोड़ी बढ़ेगी लेकिन फिर बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है। लोग मौसम विभाग के अलर्ट पर ध्यान दें और सतर्क रहें।

