1000233009

तकनीकी खराबी के कारण रांची-दिल्ली Air India एक्सप्रेस फ्लाइट रद्द, यात्रियों ने किया हंगामा…

खबर को शेयर करें
1000233009

Azad Reporter desk: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर रविवार को एअर इंडिया एक्सप्रेस की रांची से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट (IX-1200) तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दी गई। विमान में 180 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे जिनमें झारखंड के चार सांसद भी शामिल थे।

फ्लाइट रद्द होने की जानकारी मिलते ही यात्रियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने एयरलाइंस के अधिकारियों से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की। कुछ यात्रियों को कोलकाता होते हुए दिल्ली भेजा गया जबकि अन्य को अगले दिन की उड़ान के लिए इंतजार करना पड़ा।

दिल्ली से रांची पहुंची फ्लाइट IX-1199 शाम 4:52 बजे एयरपोर्ट पर उतरी। इसी विमान को शाम 6 बजे रांची से दिल्ली (IX-1200) के लिए रवाना होना था। लेकिन टेक्निकल जांच के दौरान विमान में खराबी पाई गई।

करीब डेढ़ घंटे तक इंजीनियरों ने खराबी को सुधारने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिलने पर विमान को ग्राउंडेड घोषित कर दिया गया।

सांसद आदित्य साहू और प्रदीप वर्मा को जरूरी संसद सत्र में भाग लेने दिल्ली जाना था। उन्हें रांची से कोलकाता भेजा गया जहां रात में होटल में रुकने के बाद वे सोमवार सुबह दिल्ली रवाना होंगे। वहीं सांसद कालीचरण सिंह मुंडा और विद्युत वरण महतो सोमवार की सुबह की फ्लाइट से दिल्ली जाएंगे।

एअर इंडिया एक्सप्रेस के अधिकारियों ने बताया कि विमान की खराबी को दूर करने के लिए जरूरी पार्ट्स दिल्ली से मंगवाए गए हैं। जब तक डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) से अनुमति नहीं मिलती तब तक विमान उड़ान नहीं भर सकेगा।

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक आर.आर. मौर्या ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण फ्लाइट को रद्द करना पड़ा। कुछ यात्रियों को दूसरी फ्लाइट में समायोजित किया गया कुछ ने टिकट कैंसिल करवा लिए जबकि कुछ की टिकट सोमवार के लिए पुनर्निर्धारित की गई है।

रांची-दिल्ली की दूसरी फ्लाइट IX-1117 भी रविवार को दो घंटे की देरी से रवाना हुई।