Chaibasa: सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता, जंगल से बरामद हुए 14 IED बम और ग्रेनेड…

Jharkhand: चाईबासा और सरायकेला के सीमावर्ती जंगलों में सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर 20 जुलाई को चलाए गए संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया।
इस अभियान में चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ की 60वीं बटालियन, एसएसबी और सरायकेला पुलिस की टीम शामिल थी। तलाशी के दौरान टोकलो और कुचाई थाना क्षेत्र के जंगलों से सुरक्षाबलों ने 14 शक्तिशाली आईईडी बम, देसी हैंड ग्रेनेड, अमोनियम नाइट्रेट पाउडर, पटाखा पाउडर और स्टील कंटेनर बरामद किए। बम निरोधक दस्ते की मदद से सभी विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया जिससे एक बड़ी घटना टल गई।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि कुख्यात माओवादी नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछू, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया और पिंटू लोहार लगातार कोल्हान क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहे थे।
नक्सलियों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा बलों ने अब और सख्त रुख अपना लिया है। लगातार चल रहे अभियानों से माओवादी अब बैकफुट पर हैं और उनकी साजिशें सुरक्षाबलों की सतर्कता के सामने बेअसर साबित हो रही हैं।

