Jamshedpur: टाटानगर स्टेशन पर मानव तस्करी का खुलासा, तीन दलाल गिरफ्तार, सात नाबालिग बच्चे मुक्त…

Jamshedpur news: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस और रेलवे की टीम ने मिलकर मानव तस्करी करने वाले तीन दलालों को पकड़ा है। इनके पास से सात नाबालिग बच्चों को छुड़ाया गया जिन्हें काम के बहाने पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था।
यह कार्रवाई 18 जुलाई को दोपहर में हुई जब इस्पात एक्सप्रेस ट्रेन टाटानगर स्टेशन पर आई। पुलिस को पहले से जानकारी मिली थी कि कुछ बच्चे तस्करों के साथ ट्रेन में हैं। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर रुकी टीम ने कोच D1 और D2 में छापा मारा।
जांच के दौरान बच्चों से जब पूछताछ की गई तो वे घबराए हुए थे और सही जवाब नहीं दे पा रहे थे। तीन बड़े लोग उनके साथ थे जिनकी हरकतें संदिग्ध लग रही थीं। सबको ट्रेन से उतारकर आरपीएफ ऑफिस ले जाया गया।
पूछताछ में पता चला कि ये तीनों रैपसान गनी, शेख बशीरुद्दीन और मसरुल आलम पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और बच्चों को काम दिलाने के नाम पर झारखंड और ओड़िशा से ले जाते थे। बाद में उन्हें फैक्ट्री, ईंट भट्ठा या खेतों में मजदूरी करवाते थे।
पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल और ₹1300 नकद बरामद किया। तीनों को जेल भेज दिया गया है और बचाए गए बच्चों को चाइल्डलाइन को सौंप दिया गया है जहां उनकी देखरेख की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि रेलवे स्टेशनों पर ऐसे गिरोह अब भी सक्रिय हैं लेकिन हमारी टीम हर वक्त सतर्क है। इस कार्रवाई से यह साफ है कि सही समय पर कदम उठाया जाए तो बच्चों को बचाया जा सकता है।

