Jharkhand Bihar Bandh : सुरक्षा बलों की कार्रवाई के विरोध में माओवादियों का बंद, 3 अगस्त को झारखंड-बिहार में अलर्ट…

Azad Reporter desk: भाकपा-माओवादी संगठन ने 3 अगस्त 2025 को बिहार, झारखंड समेत पांच राज्यों में बंद का एलान किया है। यह बंद सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों के विरोध में बुलाया गया है।
भाकपा-माओवादी के पूर्वी रीजनल ब्यूरो के प्रवक्ता संकेत द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी गई है। बंद का असर झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और उत्तर छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में देखने को मिल सकता है।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि 20 जुलाई से 3 अगस्त तक माओवादियों द्वारा झारखंड के कई इलाकों में स्मृति सभा आयोजित की जा रही है। यह सभाएं हाल ही में मारे गए माओवादी नेताओं जैसे जनरल सेक्रेटरी बसवराजू और अन्य के विरोध में की जा रही हैं।
बीते कुछ महीनों में झारखंड और बिहार के कई नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों ने बड़े अभियान चलाए हैं। इस दौरान कई माओवादी ढेर किए गए कई कैंप ध्वस्त हुए और दर्जनों की गिरफ्तारी हुई। इन्हीं अभियानों के खिलाफ माओवादी संगठन ने बंद बुलाया है।
इन जिलों में ज्यादा असर की आशंका:
•झारखंड: लातेहार, गुमला, चतरा, पलामू, गढ़वा
•बिहार: गया, औरंगाबाद, कैमूर, रोहतास
ये– ये हो सकता है प्रभावित!!
•ट्रेनों और बसों की आवाजाही
•ग्रामीण बाजार और दुकानें
•स्कूल-कॉलेजों की उपस्थिति
•सरकारी दफ्तरों में कामकाज
बंद को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है। रेलवे, बस डिपो और स्कूलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हर जिले में निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकी जा सके।

