18 साल बाद क्रिकेट में दिखा बॉल आउट, WCL 2025 में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को हराया, भारत-पाकिस्तान मैच की दिलचस्प यादें ताजा…

Azad Reporter desk: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स क्रिकेट 2025 के दूसरे मुकाबले में कुछ ऐसा देखने को मिला जो क्रिकेट फैंस ने करीब 18 साल पहले देखा था बॉल आउट। साउथ अफ्रीका चैंपियंस और वेस्टइंडीज चैंपियंस के बीच खेला गया यह रोमांचक मुकाबला बारिश के कारण 11-11 ओवर का रहा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज चैंपियंस ने 11 ओवर में 5 विकेट खोकर 79 रन बनाए। DLS नियम के तहत साउथ अफ्रीका को 81 रन का टारगेट मिला, लेकिन टीम 80 रन ही बना सकी और मुकाबला टाई हो गया। ऐसे में मैच का नतीजा निकालने के लिए सुपर ओवर की जगह बॉल आउट का सहारा लिया गया।
बॉल आउट एक पुराना तरीका है जिसका इस्तेमाल तब होता था जब मैच टाई हो जाता था। इसमें दोनों टीमों के 5-5 गेंदबाज बारी-बारी से बॉलिंग करते हैं और बिना बल्लेबाज के उन्हें स्टंप्स को हिट करना होता है। जिस टीम के ज्यादा गेंदबाज स्टंप्स पर गेंद मारते हैं वही टीम विजेता बनती है।
इस मैच में साउथ अफ्रीका की ओर से जेजे स्मट्स और वेन पार्नेल ने स्टंप्स को हिट किया जबकि वेस्टइंडीज का कोई भी गेंदबाज ऐसा नहीं कर सका जिससे साउथ अफ्रीका को जीत मिल गई।
बॉल आउट की चर्चा होते ही क्रिकेट फैंस को 2007 टी20 वर्ल्ड कप का वो ऐतिहासिक मुकाबला याद आ गया जिसमें भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने थीं। तब भी मैच टाई हुआ था और बॉल आउट में भारत ने पाकिस्तान को हराकर जीत हासिल की थी। उस मैच में भारत ने पहले से ही बॉल आउट की प्रैक्टिस की थी जिसका फायदा उन्हें मिला।
WCL 2025 के इस मैच ने न सिर्फ रोमांच का तड़का लगाया बल्कि पुराने क्रिकेट प्रेमियों को उस ऐतिहासिक पल की याद भी दिला दी।


