गिरिडीह सदर अस्पताल में परिजनों का हंगामा, डॉक्टरों पर लापरवाही और पैसे लेने का आरोप…

Jharkhand: गिरिडीह सदर अस्पताल परिसर में शनिवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। हंगामा कर रहे परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल कर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
बगोदर प्रखंड के तारानारी गांव निवासी हुलास विश्वकर्मा ने बताया कि 8 दिन पहले उनकी बहन का ऑपरेशन के जरिए प्रसव हुआ था। ऑपरेशन के बाद से ही वह अस्पताल में भर्ती है लेकिन हालत बिगड़ती जा रही है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन की जगह पक गई है और वहां से पस (पीप) निकल रहा है। इसके बावजूद डॉक्टरों ने न तो कोई जानकारी दी और न ही समय पर इलाज किया। अब जब हालत गंभीर हो गई है, तो रेफर करने की बात कही जा रही है।
हुलास विश्वकर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि ऑपरेशन के नाम पर अस्पताल के लोगों ने उनसे 5000 रुपये लिए।
इसी तरह प्रसूता की मां और एक अन्य मरीज के परिजन ने भी आरोप लगाया कि ऑपरेशन के बाद उनकी बेटी की तबीयत बिगड़ी है और डॉक्टरों की लापरवाही से हालत खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि जब भी वे किसी कर्मी को शिकायत करते हैं तो कोई सुनवाई नहीं होती।
परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

