बारिश के बाद अब बर्फबारी भी बनी बड़ी मुसीबत: हिमाचल में अब तक 112 लोगों की मौत, 1221 करोड़ का नुकसान…

Azad Reporter desk: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और अब बर्फबारी ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। लाहौल-स्पीति जिले के शिंकुला, बारालाचा और तंगलंगला दर्रों में जुलाई में तीसरी बार हिमपात हुआ है। साथ ही मंडी, शिमला समेत कई इलाकों में बारिश के कारण हालात और बिगड़ गए हैं।
राज्य में अब तक 112 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 67 लोगों की जान बारिश और भूस्खलन जैसी घटनाओं में गई है जबकि 45 लोग सड़क हादसों में मारे गए हैं। इसके अलावा अब तक 1221 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। सबसे ज्यादा नुकसान लोक निर्माण विभाग को 546 करोड़ रुपये का हुआ है जबकि जलशक्ति विभाग को 434 करोड़ और कृषि-बागवानी को 40 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
बारिश और भूस्खलन के चलते राज्य में 250 सड़कों पर आवागमन बंद है। मंडी जिले में सबसे ज्यादा 182 सड़कें बंद हैं। साथ ही 137 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं जिनमें 113 योजनाएं केवल मंडी में ही बंद पड़ी हैं।
मौसम विभाग ने 21 से 23 जुलाई तक कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने का खतरा भी बना हुआ है। हालांकि 19 और 20 जुलाई को मानसून थोड़ा कमजोर रहेगा और कुछ जगहों पर ही बारिश की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश के लोग इस समय प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे हैं और सरकार लगातार राहत और बचाव कार्यों में लगी हुई है। लोगों से सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने की अपील की गई है।


