Chaibasa: खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध बालू खनन पर सख्ती के निर्देश, हाटगम्हरिया और बलंडिया चेकपोस्ट होंगे सक्रिय…

Jharkhand: पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को जिलास्तरीय खनन टास्क फोर्स की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से की। बैठक में खनिज विभाग से जुड़े अधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में हो रहे अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि अवैध खनन से राज्य को भारी राजस्व की क्षति होती है इसलिए इसे हर हाल में रोका जाना चाहिए।
उपायुक्त के प्रमुख निर्देश:
- हाटगम्हरिया और बलंडिया क्षेत्रों में स्थित चेकपोस्ट को नियमित रूप से सक्रिय किया जाए।
- वाहनों की जांच के लिए स्थायी जांच दल की प्रतिनियुक्ति हो।
- अनुमंडल पदाधिकारी अपने क्षेत्र में औचक जांच अभियान चलाएं।
- जब्त बालू की नियमित नीलामी की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश:
गोईलकेरा, सेरेंगदा, जैंतगढ़, घनापाली और मंझगांव जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर छापेमारी की जाए।
बंद पड़ी खदानों में मौजूद लौह अयस्क के स्टॉक का समय-समय पर भौतिक सत्यापन किया जाए ताकि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लग सके।
बैठक में यह तय किया गया कि खनन से संबंधित हर स्तर पर सख्ती से निगरानी की जाएगी और कानून तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।

