रांची में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 14 युवक गिरफ्तार, 90 एटीएम कार्ड और मोबाइल-लैपटॉप बरामद…

Jharkhand: राजधानी रांची में पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन सट्टा और जुए के रैकेट का खुलासा किया है। शुक्रवार (18 जुलाई 2025) को बरियातू हाउसिंग कॉलोनी के रोड नंबर-2 स्थित एक किराए के मकान से 14 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी युवक वहां रहकर पिछले एक महीने से अवैध ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी चला रहे थे।
पुलिस ने इनके पास से 5 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन और अलग-अलग बैंकों के 90 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। DIG सह SSP चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर 17 जुलाई की रात एक विशेष टीम ने छापेमारी कर सभी आरोपियों को पकड़ा।
पूछताछ में युवकों ने बताया कि वे हर महीने 15,000 से 20,000 रुपये की तनख्वाह पर यह काम कर रहे थे और उन्हें बाहर से कुछ लोग निर्देश देते थे, जो समय-समय पर उनसे मिलने भी आते थे।
गिरफ्तार सभी युवक बिहार के विभिन्न जिलों से हैं जैसे मुजफ्फरपुर, शिवहर, सहरसा, सुपौल और पूर्णिया। पुलिस अब इस गिरोह के मास्टरमाइंड और इसके पीछे के पूरे फाइनेंशियल नेटवर्क की जांच कर रही है।
डिजिटल उपकरणों और एटीएम कार्ड से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस सट्टा नेटवर्क के तार किन-किन शहरों और राज्यों से जुड़े हैं और कितनी रकम का लेन-देन किया गया है। फिलहाल सभी युवकों से गहराई से पूछताछ की जा रही है।

