1000229670

झारखंड-बंगाल बॉर्डर पर दर्दनाक हादसा!! रेल ट्रैक पार कर रहे तीन हाथियों की ट्रेन से टक्कर में मौत, हावड़ा-जमशेदपुर रूट पर सेवा बाधित…

खबर को शेयर करें
1000229670

Jharkhand: झारखंड सीमा से सटे पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम और बासतोला रेलवे स्टेशन के बीच गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। जंगल के रास्ते रेलवे ट्रैक पार कर रहे सात हाथियों के झुंड में से तीन हाथियों की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे की वजह से हावड़ा-जमशेदपुर रेल लाइन पर ट्रेन परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें देर से चल रही हैं।

जानकारी के अनुसार हादसे की खबर मिलते ही बंगाल वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों के शवों को हटाने का काम शुरू किया। शुक्रवार सुबह तक झुंड के बाकी चार हाथी भी ट्रैक पर ही मौजूद थे जिन्हें वन विभाग और ग्रामीणों की मदद से जंगल की ओर खदेड़ा गया। इसके बाद शवों को ट्रैक से हटाने का कार्य किया गया।

इस क्षेत्र में यह पहली बार नहीं है जब हाथियों की ट्रेन से टकराकर मौत हुई हो। इससे पहले भी चाकुलिया और बासतोला रेलवे स्टेशन के बीच कई बार हाथी रेल हादसे का शिकार हो चुके हैं। चूंकि यह इलाका जंगलों से घिरा हुआ है इसलिए अक्सर हाथियों के झुंड रेलवे ट्रैक पार करते रहते हैं।

लगातार हो रही ऐसी घटनाएं रेलवे और वन विभाग के लिए चिंता का कारण बन गई हैं। जानकारों का कहना है कि ऐसे इलाकों में ट्रेन की गति नियंत्रित करने और हाथियों के मूवमेंट पर नजर रखने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।