दिल्ली के 20 स्कूलों को फिर से बम की धमकी, लगातार चौथे दिन दहशत का माहौल…

Azad Reporter desk: दिल्ली में एक बार फिर बम धमाके की धमकी ने हड़कंप मचा दिया है। गुरुवार सुबह दिल्ली के करीब 20 स्कूलों को ईमेल के ज़रिए बम धमाके की धमकी मिली। ये घटना लगातार चौथे दिन सामने आई है जिससे छात्रों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन में डर का माहौल है।
सबसे पहले अभिनव पब्लिक स्कूल को धमकी भरा मेल मिला इसके बाद पश्चिम विहार स्थित रिच मोंड स्कूल और फिर रोहिणी सेक्टर 24 के सोवरन स्कूल में भी कॉल के ज़रिए बम धमाके की धमकी दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग, बम निरोधक दस्ता और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और स्कूल परिसर की गहन जांच शुरू की गई।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी ऐसे ही ईमेल फॉर्मेट में कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। कई मामलों में जांच के दौरान यह सामने आया था कि मेल भेजने में स्कूल के ही छात्रों का हाथ था।
फिलहाल सभी धमकी भरे मेल की जांच की जा रही है और साइबर सेल भी एक्टिव हो गई है। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि घबराएं नहीं लेकिन सतर्क जरूर रहें।

